SHABD, जालंधर, 6 दिसंबर:** भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज अमृतसर स्थित सच्चखंड श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेककर मानवता की भलाई के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने श्री दरबार साहिब की परिक्रमा की और पवित्र सरोवर के समीप बैठकर शांत भाव से प्रार्थना की। उनकी इस यात्रा के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें SGPC प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने उन्हें श्री हरमंदर साहिब का स्वर्ण मॉडल और धार्मिक ग्रंथों का सेट भेंट कर सम्मानित किया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान भावुक हुए कोविंद ने कहा कि राष्ट्रपति पद से मुक्त होने के बाद से वह पिछले तीन वर्षों से श्री हरमंदर साहिब में नतमस्तक होने की इच्छा रखते थे, और आज वह सपना पूरा हो गया। उन्होंने श्री हरमंदर साहिब को “सम्पूर्ण मानवता का तीर्थ” बताते हुए कहा कि यहां हर धर्म, भाषा और समुदाय के लोग प्रेम और श्रद्धा से गुरू साहिब के आगे शीश नवाते हैं। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने विश्व शांति, भाईचारे और समस्त मानव कल्याण के लिए अरदास की है।
