SHABD, गुरदासपुर, 9 फरवरी — पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई सख्त मुहिम के तहत गुरदासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 11 किलो हेरोइन और 5 लाख 75 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीआईजी संदीप गोयल और एसएसपी आदित्य ने बताया कि पहले मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज केस में आरोपी हर्षदीप को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 किलो 150 ग्राम हेरोइन, 3 लाख 50 हजार रुपये की ड्रग मनी तथा एक वरना कार बरामद की गई है। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने आरोपी मोहम्मद वसीम को काबू कर उसके पास से 3 किलो 100 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 25 हजार रुपये की ड्रग मनी और एक होंडा सिटी कार बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद वसीम वर्ष 2024 में तिहाड़ जेल से रिहा हुआ था और उसके खिलाफ पहले से हत्या, लूट और झपटमारी जैसे संगीन मामलों के केस दर्ज हैं। दोनों मामलों की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और उनके संपर्कों तक भी पहुंचा जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और समाज को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।