अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के CIA स्टाफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां पुलिस टीम ने कुख्यात जोगा फोल्डीवाल गैंग से जुड़े एक सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 2 पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी, एडीसीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार इंचार्ज CIA स्टाफ की टीम ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने कुलवंत सिंह उर्फ गोपा पुत्र जोगा सिंह निवासी गांव अटल माजरा, थाना पोजेवाल, नवांशहर को गिरफ्तार किया, जो कई मामलों में वांछित था और अदालत से भगोड़ा भी घोषित था। आरोपी का संबंध जोगा फोल्डीवाल और सोनू खत्री से बताया जा रहा है, जो विदेश में रहकर फोन के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने और रिश्वत लेने में संलिप्त हैं। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की और एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस ड्यूटी में बाधा डालने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसके चलते उसके खिलाफ थाना सदर जालंधर में नया मामला दर्ज किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आरोपी कुलवंत सिंह उर्फ गोपा पर पहले से ही विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा 12 जनवरी 2026 को फगवाड़ा में सुधीर स्वीट शॉप पर हुई फायरिंग की घटना में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई है, जो जोगा फोल्डीवाल के इशारे पर की गई थी। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
