त्योहारी सीजन से पहले जालंधर पुलिस का बड़ा एक्शन: रेलवे स्टेशनों पर विशेष CASO ऑपरेशन, 110 पुलिसकर्मी रहे मुस्तैद

जालंधर, 15 अक्टूबर 2025:- त्योहारी सीजन के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने सोमवार को रेलवे स्टेशनों पर विशेष CASO (Cordon and Search Operation) चलाया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशन और ADCP सिटी-I श्रीमती आकरशी जैन तथा ADCP सिटी-II श्री हरिंदर सिंह की देखरेख में यह अभियान सिटी रेलवे स्टेशन और कैंट रेलवे स्टेशन पर एक साथ चलाया गया।

 

इस विशेष अभियान में कुल 110 पुलिसकर्मियों की कई टीमों को तैनात किया गया, जिनमें एंटी सबोटाज टीम, एंटी रायट पुलिस, जीआरपी और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) भी शामिल रही। जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर, हैंडहेल्ड स्कैनर जैसे आधुनिक उपकरणों की मदद से यात्रियों और आसपास के क्षेत्रों की सघन तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों के अपराध रिकॉर्ड की जांच के लिए PAIS ऐप का प्रयोग किया गया, जबकि रेलवे स्टेशन परिसर के CCTV कैमरों की कार्यप्रणाली, यात्रियों के सामान की जांच और दुकानों का निरीक्षण भी किया गया।

 

पुलिस टीमों ने पार्किंग क्षेत्रों और स्टेशन के आसपास के इलाकों में भी गहन तलाशी अभियान चलाया ताकि किसी भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस की सहायता करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें, ताकि इस त्योहारी मौसम में शहर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Share This Article
Leave a comment