

गांव छोटे गोट में घुसा, लोगों में मची अफरातफरी
मामला जालंधर के गांव छोटे गोट का है। शनिवार की दोपहर गांव में चहलपहल थी। इसी दौरान एक बारहसिंगा गांव की गलियां में दिखाई दिया। लोगों ने उसे देखकर शोर मचा दिया कि एक जंगली जानवर गांव में घूम रहा है। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।
बारहसिंगा को जाल लगाकर पकड़ा, कई जगह चोटें लगी
बारहसिंगा को गांव में देख लोगों ने उसे पकड़ने के लिए जाल लगाया। मगर, बारहसिंगा कभी इस गली तो कभी उस गली में कूदता हुआ भागने लगस। लोग भी उसके पीछे-पीछे दौड़ते और पकड़ने की कोशिश करते। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने घेरकर बारहसिंगा को जाल में फंसा लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर इलाज शुरू किया
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बारहसिंगा को रेस्क्यू कर लिया। टीम अपनी गाड़ी साथ लेकर आई थी, जिसमें बारहसिंगा को लादकर ले गई। विभाग के कर्मचारियों का कहना था कि जानवर को कई जगह चोटें लगी हैं। पहले इसका इलाज किया जाएगा और फिर इसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा।
परागपुर पुलिस को दी गई थी पहले जानकारी
परागपुर पुलिस चौकी के एएसआई गुरदयाल ने बताया कि उनको गांव छोटे गोट से एक लड़के अजय का फोन आया था। उसने बताया कि कोई जंगली जानवर उनके गांव में घुस आया है। इस पर पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचित किया और मौके पर पहुंची और पुलिस के पहुंचने तक गांव वालों ने जाल में बारहसिंगा को कैद कर लिया था।

जालंधर में पहले भी रिहायशी इलाकों में घुस चुके जंगली जानवर
जालंधर के रिहायशी इलाकों में पहले भी जंगली जानवरों के घुसने की घटनाएं हो चुकी है। करीब दस माह पहले संतोखपुरा इलाके में जंगली सांभर के आने से अफरा-तफरी मच गई थी। जब लोगों ने अचानक सांभर को सड़क पर भागते देखा तो वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
भयभीत सांभर ने कई वाहनों को भी टक्कर मारी थी। लोगों की भीड़ जुटती देख वह घबरा गया। जिसके बाद सांभर इधर-उधर भागने लगा। सांभर ने प्लाट में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सांभर को पकड़ लिया।
