जालंधर- जालंधर के नामदेव चौक स्थित टैक्सी स्टैंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने नंबरदार सुरिंदर सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में बस्ती शेख निवासी सुरिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। घायल सुरिंदर सिंह ने बताया कि वह विदेश से आए एक फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान रांग साइड से आए दो बाइक सवार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। घटना स्थल पर हंगामा होने के बाद आसपास के लोग जमा हो गए।
हमलावर युवक पैदल ही फरार हो गया
हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक बाइक सवार की चाबी निकाल ली, लेकिन हमलावर युवक पैदल ही फरार हो गए। युवकों की बाइक पर दो नंबर प्लेटें लगी हुई थीं। चश्मदीद अनुराग ने बताया कि दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने सुरिंदर सिंह पर हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में भी चारों युवक भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

सिविल अस्पताल में चल रहा पिड़ित का इलाज
सिविल अस्पताल में अपने पिता का इलाज कराने पहुंची सुखविंदर कौर ने बताया कि उनके पिता सुरिंदर सिंह पेशे से नंबरदार हैं और बस्ती शेख इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और पुलिस को इस घटना के पीछे की असल वजह की जांच करनी चाहिए।
थाना नंबर चार के एएसआई हीरालाल मौके पर जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों द्वारा छोड़ी गई मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
