जालंधर, 29 दिसंबर 2025:- माननीय पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों, एडीसीपी सिटी-II श्री हरिंदर सिंह गिल (पीपीएस) तथा एसीपी वेस्ट श्री अतिश भाटिया (पीपीएस) के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। थाना डिवीजन नंबर-05 जालंधर के प्रभारी इंस्पेक्टर यदविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जानलेवा हमले की कोशिश के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-05 में केस नंबर 193 दिनांक 27.12.2025 भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 333, 109, 351(2), 191(3), 190 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता रेखा वर्मा पत्नी विनय निवासी मकान नंबर 179, गली नंबर 03, शिवाजी नगर, बस्ती दानिशमंदा, जालंधर ने अपने बयान में बताया कि 25.12.2025 को रात करीब 10 बजे जब वह अपने परिवार सहित घर पर मौजूद थीं, तभी बस्ती दानिशमंदा निवासी इंदू लाहोरिया, लवली गखला, मनप्रीत कौर और अर्शदीप कौर कथित रूप से तेजधार किरपान लेकर उनके घर में घुस आए और जान से मारने की नीयत से हमला करने की कोशिश की। अपनी जान बचाने के लिए पूरा परिवार छत पर चढ़ गया, जिसके बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और 29.12.2025 को नामजद आरोपी सरवन उर्फ सुबा लाहोरिया पुत्र साधा सिंह निवासी मकान नंबर 82/83, गली नंबर 03, शिवाजी नगर, बस्ती दानिशमंदा, जालंधर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
