जालंधर। पंजाब के जालंधर के खांबड़ा में मस्जिद में दो लोग जूते पहन कर घुस गए। मुस्लिमों ने दोनों पर मस्जिद में बेअदबी का आरोप लगाया है। मस्जिद के इमाम गुलफाम ने बताया कि दो लोग जूतों समेत मस्जिद में घुस आए। उस वक्त वह वहीं पर थे। आते ही दोनों ने पूछा कि यहां मूर्तियां क्यों नहीं है। उसने बताया कि ये मस्जिद है, मूर्तियां मंदिर में होती हैं। इसके बाद दोनों ने बहस शुरू कर दी। इसकी जानकारी उसने दूसरे लोगों को दी तो दोनों युवक मौके से भाग गए।

जालंधर के खांबड़ा में पहुंची पुलिस। दो लोगाें पर मस्जिद में बेअदबी का आरोप लगाया गया है।
इमाम गुलफाम ने बताया कि दोनों युवकों को न तो वह जानते हैं और न पहचानते हैं। इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची है और युवकों की पहचान के लिए आस पास के CCTV खंगाल रही है।

दोपहर पौने दो बजे घुसे थे युवक
इमाम गुलफाम ने बताया कि खांबड़ा में मस्जिद कुबा है। दोपहर पौने दो बजे दो युवक बाइक से आए। यहां मस्जिद के पास उन्होंने बाइक रोकी। इसके बाद जूतों सहित मस्जिद के अंदर आ गए। यहां वह अजीब-अजीब बातें करने लगे। जब उन्होंने मौके पर लोगों को बुलाने का डर दिखाया तो दोनों तुरंत शहर की तरफ भाग गए। उन्होंने और कुछ लोगों ने दोनों का पीछा भी किया, लेकिन हाथ नहीं आए।

मौके पर मुस्लिम एकत्रित, एसीपी कैंट भी पहुंचे
खांबड़ा में घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम एकत्रित हो गए। कैंट के एसीपी बवनदीप और एसएचओ सदर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मौके पर लोगों को समझाने की कोशिश में लगी है। लोगों का कहना है कि मस्जिद में बेअदबी कर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस तुरंत गिरफ्तार करे और केस दर्ज करे। अगर रात तक आरोपी नहीं पकड़े गए तो रोष स्वरूप जालंधर-नकोदर हाईवे को जाम कर दिया जाएगा।
एसएचओ तैनात, स्कूलों के सीसीटीवी चेक करेगी पुलिस
ACP बवनदीप ने कहा कि मस्जिद के पास स्कूल है, यहां अनेक CCTV लगे हैं। रविवार होने के चलते अब स्कूल कल खुलेगा। SHO की ड्यूटी लगा दी गई है। कल सुबह ही स्कूल खुलते CCTV की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी। आरोप जो भी होगा , उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे कहा कि जालंधर पीसफुल सिटी है। भाइचारे वाला शहर है और यहां का माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा। मुस्लिम भाइचारे को समझा दिया गया है। पुलिस कल सीसीटीवी मिलते ही कार्रवाई करेगी।
