इस दौरान खान साब के पिता बहुत दुखी नजर आ रहे थे। पत्नी की मौत की जुदाई से उन्हें गहरा सदमा लगा था। 3 हफ्ते के भीतर माता-पिता की मौत से सिंगर और उनके परिवार में शोक की लहर है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, खान साब के पिता को गांव भंडाल दोना में कल मंगलवार (14 अक्टूबर) को सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।

मां के निधन के वक्त कनाडा में थे खान साब
खान की माता सलमा परवीन का निधन 26 सितंबर को हुआ था। उस दिन सिंगर खान साब का कनाडा के सरी में शो था। इस शो को खान साब ने भारत और पाकिस्तान के पंजाब में आई बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों की मदद को फंड जुटाने के लिए आयोजित किया था। हालांकि, शो से पहले ही सिंगर को अपनी मां की मौत की सूचना मिल गई। उन्होंने कनाडा में शो को कैंसिल करवा दिया और फ्लाइट पकड़कर रात को ही भारत लौट आए थे। वह दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे कपूरथला में अपने पैतृक गांव भंडाल दोना पहुंचे थे, जहां उनकी मां को सुपुर्द ए खाक किया गया था।

कपूरथला में जन्मे, गैरी संधू ने दिया खान साब नाम
सिंगर खान साब का जन्म पंजाब के कपूरथला में हुआ। उनका असली नाम इमरान खान है। पंजाबी सिंगर गैरी संधू के साथ एल्बम करने के दौरान संधू ने इनका नाम चेंज कर खान साब कर दिया। इसका खुलासा खुद खान साब ने कपिल शर्मा के शो में किया था। इसके बाद वह खुद भी इसी नाम से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं।
