जालंधर- आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली से MLA व पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के विवादित वीडियो के मामले में FIR दर्ज करने पर दिल्ली विधानसभा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। दिल्ली विधानसभा की तरफ से पंजाब के DGP, साइबर क्राइम के स्पेशल डीजीपी और जालंधर की पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया गया है। उनसे पूरे मामले को लेकर 48 घंटे में जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा केस से जुड़े दस्तावेज और लैब की रिपोर्ट भी मांगी गई है।
दिल्ली भाजपा के विधायक ने कहा कि सदन की अंदर की कार्यवाही के मामले में पंजाब पुलिस दूसरे राज्य में केस कैसे दर्ज कर सकती है। यह सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। जिस पर दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने कहा कि जालंधर पुलिस कमिश्नर और FIR दर्ज करने से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उधर, आज पंजाब के CM भगवंत मान और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को जालंधर का दौरा करना था। दोनों को कुछ प्रोजेक्ट का उद्घाटन करना था। मगर, यह दौरान अचानक रद्द कर दिया गया गया है। दोनों के दौरे से पहले जालंधर बीजेपी ने श्रीराम चौक पर जोरदार प्रदर्शन भी किया।
इससे राजनीतिक गलियारों में कयास लगाया जा रहा है कि सिख गुरुओं के मुद्दे पर जालंधर में हुई FIR मामले में घिरने के चलते आप नेताओं ने दौरा रद्द किया है। हालांकि आप सरकार की तरफ से कोई दौरा रद्द करने की कोई वजह नहीं बताई गई है।
कार्रवाई को लेकर दिल्ली विस स्पीकर की अहम बातें..
- सदन के भीतर की रिकॉर्डिंग, FIR करना गंभीर विषय: इस बारे में दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कहा- विधानसभा के माननीय सदस्य अभय वर्मा द्वारा उठाया गया मामला इस सदन की विशेषाधिकार हनन (ब्रीच ऑफ प्रिविलेज) से संबंधित है। नेता प्रतिपक्ष आतिशी की जिस वीडियो के आधार पर पंजाब में जो एफआईआर दर्ज की गई है, वह सदन के भीतर की रिकॉर्डिंग है और सदन की संपत्ति है। इस वीडियो पर इस प्रकार कार्रवाई करना तथा मंत्री के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करना गंभीर विषय है।
- जालंधर कमिश्नर ने गलत हस्तक्षेप किया: स्पीकर गुप्ता ने आगे कहा- इस संबंध में जालंधर के पुलिस कमिश्नर के विरुद्ध विशेषाधिकार हनन (ब्रीच ऑफ प्रिविलेज) का सीधा मामला बनता है। सदन इस पर संज्ञान लेगा और पुलिस कमिश्नर जालंधर के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई पर विचार करेगा, क्योंकि उन्होंने सदन की संपत्ति के साथ अनुचित हस्तक्षेप किया है।
- सदन की रिकॉर्डिंग को टेम्पर्ड कहना मर्यादा के विरुद्ध: रिकॉर्डिंग सदन की होने के कारण इसे ‘टेम्पर्ड’ कहना स्वयं सदन की मर्यादा के विरुद्ध है। इस कॉन्सपिरेसी में जो भी लोग संलिप्त हैं, उनके खिलाफ यह सदन सख्त कार्रवाई करेगा। सदन इस पूरे मामले का विधिवत संज्ञान ले रहा है।
मंत्री कपिल मिश्रा बोले- केजरीवाल जी, आपकी पुलिस डरा नहीं सकती
जालंधर में केस दर्ज होने के बाद दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा- केजरीवाल जी , आपकी FIR और पुलिस का डर हमें डरा नहीं सकता। दिल्ली विधानसभा के रिकॉर्ड में वीडियो है और सारी दुनिया ने वीडियो सुना है, उस दिन से आतिशी ने विधानसभा में आने की हिम्मत नहीं की जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कई बार बुलाया। पंजाब पुलिस पंजाब के अपराधों की जांच छोड़कर आपके नेता विपक्ष द्वारा हुए अपराध पर पर्दा डालने का काम कर रहीं है आतिशी ने गुनाह किया लेकिन उन्हें बचाकर आप उससे भी बड़ा पाप कर रहें हैं।
कांग्रेस ने कहा- आतिशी को बचाने के लिए हमारे नेताओं पर भी FIR की
वहीं कांग्रेस ने भी आरोप लगाया कि इस मामले में उनके MLA सुखपाल खैहरा और परगट सिंह के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। आतिशी को बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की गई है। बता दें कि दिल्ली विधानसभा में एक बहस के दौरान आतिशी के बोलते हुए एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें दावा किया गया कि आतिशी ने सिख गुरुओं का अपमान किया है। हालांकि आतिशी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
राजा वड़िंग की सोशल मीडिया पोस्ट…

पहले सिलसिलेवार जानें कब-क्या हुआ
- 6 जनवरी 2026: दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही के दौरान एक चर्चा चल रही थी। भाजपा नेताओं का आरोप है कि इसी दौरान आतिशी ने सिख गुरुओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
- 7 जनवरी 2026: भाजपा नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर आतिशी का एक छोटा वीडियो क्लिप साझा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सदन गुरुओं को श्रद्धांजलि दे रहा था, तब आतिशी ने कुत्तों का सम्मान करो, कुत्तों का सम्मान करो जैसे शब्दों का प्रयोग किया।
- 8 जनवरी 2026: भाजपा विधायकों ने आतिशी की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए सदन में भारी विरोध प्रदर्शन किया।
- वीडियो की जांच पर फैसला: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए भेजने का आदेश दिया और 15 दिनों के अंदर रिपोर्ट मांगी।
- पंजाब पुलिस ने की मामले में एंट्री: पंजाब की जालंधर पुलिस ने इकबाल सिंह नामक व्यक्ति की शिकायत पर कपिल मिश्रा और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। जालंधर पुलिस कमिश्नरेट ने बयान जारी किया कि जांच में यह पाया गया है कि आतिशी ने गुरु शब्द नहीं बोला है और वीडियो को जानबूझकर एडिट किया गया था।
- दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने आपत्ति जताई: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि सदन के अंदर की रिकॉर्डिंग पर केवल विधानसभा का अधिकार है, इसलिए पंजाब पुलिस की कार्रवाई विशेषाधिकार हनन के दायरे में आती है। इस मामले में जालंधर पुलिस की कमिश्नर पर केस दर्ज होना चाहिए।
- भाजपा ने मांगा आतिशी का इस्तीफा: आतिशी पर छिड़ा विवाद अभी भी जारी है। भाजपा आतिशी के इस्तीफे की मांग पर अड़ी है, जबकि AAP इसे भाजपा की गंदी राजनीति और वीडियो के साथ छेड़छाड़ बता रही है।
आतिशी ने कहा- भाजपा ने गलत सबटाइटल जोड़े
दिल्ली में आप विधायक और पूर्व सीएम आतिशी ने एक वीडियो जारी कर आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वह प्रदूषण और कुत्तों के मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन के बारे में बात कर रही थीं। उन्होंने भाजपा पर वीडियो में गलत सबटाइटल जोड़ने और गुरु साहिब का नाम जबरन डालने का आरोप लगाया।
