जालंधर। पंजाब के जालंधर में नगर निगम की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर एक महिला नशा तस्कर के घर का कुछ हिस्सा गिरा दिया। जालंधर के थाना-6 क्षेत्र में पुलिस और नगर निगम की टीम ने एक कुख्यात मां-बेटी नशा तस्कर गिरोह के घर पर संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों ने घर के ताले तोड़कर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। यह कार्रवाई मंजीत कौर उर्फ पब्बो और उसकी मां लम्बो के घर पर की गई। पुलिस के अनुसार, मंजीत कौर पर एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है, जबकि उसकी मां पर भी एक मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ कुल चार मामले चल रहे हैं, जिनमें से ताजा केस इस साल मई में दर्ज हुआ था।

नोटिस जारी किया था, जवाब न मिलने पर कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मंजीत कौर को अवैध निर्माण के संबंध में कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में निगम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
घर पर मौजूद नहीं थे तस्कर
ADCP सिटी-2 हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि जांच में पुष्टि हुई है कि महिला नशा तस्करी में सक्रिय रही है। छापेमारी के दौरान उसकी मां घर पर मौजूद नहीं थी। यह कार्रवाई नगर निगम और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन थी, जिसका मकसद नशा तस्करों और अवैध कब्जाधारकों पर नकेल कसना है।
