शेखे पिंड का मॉडल पुनर्वास केंद्र तैयार, शीघ्र होगा शुभारंभ — डिप्टी कमिश्नर ने किया निरीक्षण

जालंधर, 27 सितम्बर : शेखे पिंड में तैयार किया गया मॉडल पुनर्वास केंद्र अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है और इसका शुभारंभ जल्द ही किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज केंद्र का निरीक्षण करते हुए दी। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि पंजाब सरकार ने सन फाउंडेशन के सहयोग से यहाँ अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्र विकसित किया है, जहाँ नशा मुक्ति के साथ-साथ सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई तरह की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें जिम और लाइब्रेरी की सुविधा के साथ-साथ कुकिंग क्लासेस, फुटबॉल और क्रिकेट बॉल बनाने की ट्रेनिंग, बागवानी, मोबाइल रिपेयरिंग तथा इलेक्ट्रिकल रिपेयरिंग जैसे कोर्स भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस केंद्र का मकसद नशे की दलदल से बाहर आए लोगों को पुनः सम्मानजनक जीवन की ओर ले जाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। डॉ. अग्रवाल ने ज़ोर देते हुए कहा कि यह पहल पंजाब सरकार के “War on Drugs” अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। डिप्टी कमिश्नर ने प्रशासन की इस प्रतिबद्धता को दोहराया कि समाज से नशे को पूरी तरह समाप्त करना और प्रभावित लोगों को सही इलाज एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र उन लोगों के जीवन में नई शुरुआत का मार्ग प्रशस्त करेगा जो नशे की गिरफ्त से बाहर आकर समाज में गरिमा के साथ जीना चाहते हैं।

Share This Article
Leave a comment