आप का लुधियाना में सियासी धमाका: आप ने विरोधी दलों में सेंधमारी करते हुए तीन पार्षदों को पार्टी में किया शामिल

लुधियाना में AAP का मेयर बनना तय

पंजाब के पटियाला के बाद लुधियाना नगर निगम में भी आम आदमी पार्टी का मेयर बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। क्योंकि आप ने विरोधी दलों में सेंधमारी करते हुए तीन पार्षदों को पार्टी में शामिल कर लिया है। इनमें दो कांग्रेस और भाजपा की एक महिला पार्षद है।  

पंजाब की सबसे बड़ी नगर निगम लुधियाना में मेयर बनाने का सपना आम आदमी पार्टी का पूरा होता दिख रहा है। आप ने लुधियाना में वीरवार की देर रात को सियासी धमाका कर डाला। आप ने कांग्रेस के गढ़ के साथ भाजपा में भी सेंधमारी की है।

आप ने कांग्रेस के दो पार्षदों और भाजपा की एक महिला पार्षद को पार्टी में शामिल करवाया है। इसके बाद आप का मेयर बनाने का रास्ता साफ हो गया। आप के पास अब 46 पार्षद हो गए हैं, जबकि छह विधायकों और एक मंत्री का वोट लेकर 52 के बजाय 53 का आंकड़ा छू लिया है। उम्मीद है कि लुधियाना को मकर संक्रांति के दिन नया मेयर मिल जाएगा। आप के नेता काफी खुश दिखाई दे रहे हैं कि आखिरकार वह सेंध मारी और मेयर बनाने में भी सफल हो रहे हैं।

चुनाव में आप के खाते में आई थी 41 सीटें

नगर निगम चुनाव में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। आप के खाते में सिर्फ 41 सीटें आई थी, जबकि बहुमत के लिए 48 सीटें चाहिए थी। विधायकों का वोट मिलाकर आप को 52 का आंकड़ा छूना था। आप ने पहले आजाद पार्षद को पार्टी में करवाया और उसके बाद कांग्रेस के जगदीश कुमार दीशा को भी पार्टी में शामिल कर पार्टी के पास 43 पार्षद हो गए।

आप से टिकट नहीं मिली तो भाजपा में गई थी पार्षद अनीता

आप ने लोक इंसाफ पार्टी खत्म कर कांग्रेस में शामिल हुए बैंस ब्रदर्स के नजदीकी साथियों को पार्टी में शामिल करवाया। आप की तरफ से वार्ड 42 से जगमीत सिंह नोनी और वार्ड 45 से परमिंदर सिंह सोमा की पत्नी परमजीत कौर सोमा को आप का झाड़ू पकड़ाकर सदस्यता दिलाई, जबकि इसके साथ आप ने वार्ड नंबर 21 से भाजपा पार्षद अनीता ननचाहल को पार्टी में शामिल किया। अनीता ननचाहल पहले आप में ही थी और बाद में टिकट न मिलने के कारण आप छोड़ भाजपा में गईं और वहां जीत गईं। जीतने के बाद अब वह फिर आप में शामिल हो गई हैं।

कैबिनेट मंत्री मुंडियां ने पार्षदों को पार्टी में करवाया शामिल

आप ने बड़ा सियासी धमाका कर मेयर बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। तीनों पार्षदों को कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने पार्टी में शामिल करवाया। दो पार्षद हलका आत्म नगर से हैं जबकि एक हलका साहनेवाल से पार्षद है। देर रात आम आदमी पार्टी के स्टेट सेक्रेटरी व मार्कफेड के चेयरमैन अमनदीप सिंह मोही ने कहा कि इन पार्षदों की जॉइनिंग लुधियाना में हुई है। आम आदमी पार्टी के पास अब बहुमत है, इसलिए पार्टी अपना मेयर बना लेगी।

Share This Article
Leave a comment