लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में फ्रेंडशिप तोड़ने से गुस्साए क्लासमेट ने छात्रा को उसी के घर की दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। वह जबरन छात्रा के घर में घुसा और इस वारदात को अंजाम दिया।छत से गिरने की वजह से छात्रा की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है। उसे DMC में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने छात्रा के पिता के बयान पर थाना हैबोवाल में आरोपी छात्र के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार लड़के की तलाश कर रही है। 
थाना हैबोवाल की पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। – फाइल फोटो
जानिए पूरा मामला…
- निजी स्कूल में पढ़ते हैं, आपस में दोस्त थे: हैबोवाल पुलिस के मुताबिक छात्र और छात्रा लुधियाना के ही निजी स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों की उम्र भी 16 साल के करीब है। छात्रा और छात्रा पहले आपस में दोस्त थे। छात्रा हैबोवाल इलाके की रहने वाली है।
- छात्रा ने फ्रेंडशिप तोड़ी, छात्र दबाव डालने लगा: पुलिस ने आगे बताया कि दोनों के बीच कोई विवाद हुआ और छात्रा ने उससे फ्रेंडशिप तोड़ दी। इसके बाद छात्र उस पर फिर से फ्रेंडशिप करने के लिए दबाव डालने लगा। मगर, छात्रा बार-बार इनकार करती रही।
- बहाने से छात्रा के घर में घुसा, उसे छत पर ले गया: पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर को छात्र बहाने से छात्रा के घर में घुस गया। इसके बाद वह बात करने के बहाने छात्रा को उसके घर की दूसरी मंजिल पर ले गया। वहां उसने फिर छात्रा को कहा कि उससे फ्रेंडशिप कर ले। मगर, छात्रा ने फिर इनकार कर दिया।
- छात्रा के साफ इनकार करने पर छत से धक्का दे दिया: जांच में सामने आया कि छात्रा ने उसे साफ इनकार कर दिया कि वह दोबारा उससे बात करने की कोशिश न करे। उसके पीछे न आए। इससे छात्र गुस्से में आ गया। उसने बहस के बाद छात्रा को छत से धक्का दे दिया। जिससे छात्रा नीचे गिर पड़ी और उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आ गई। घटना के बाद आरोपी छात्र वहां से फरार हो गया।
पुलिस बोली- आरोपी छात्र टिब्बा इलाके का
इस बारे में हैबोवाल पुलिस का कहना है कि लड़की संत विहार कॉलोनी में रहती है। वहीं आरोपी छात्र थाना टिब्बा के इलाके का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश समेत और धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अभी वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
