लुधियाना/अखंड केसरी ब्यूरो
सतलुज-यमुना लिंक नहर मुद्दे पर पंजाब में सियासत गरमाई है। अब पंजाब के सीएम भगवंत मान और विपक्ष के नेताओं के बीच प्रदेश के अहम मुद्दों पर एक नवंबर को लाइव बहस होगी। इस महाडिबेट का आयोजन लुधियाना में किया जाएगा। पंजाब सरकार ने लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवसिर्टी (पीएयू) के डॉ. मनमोहन सिंह ऑडोटोरियम हॉल को बुक करवा लिया है। बुकिंग एक नवंबर के लिए की गई है। इसकी पुष्टि पीएयू प्रशासन ने की है। विश्वविद्यालय ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दरअसल, सतलुज-यमुना लिंक नहर मामले में सुप्रीम कोर्ट की ताजा टिप्पणी के बाद पंजाब में सियासत गरमा चुकी है। शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल आप सरकार पर हमलावर हैं। उधर, आप सरकार इस मसले को पूर्व की सरकारों की गलती का नतीजा बता रही है। हालांकि आप सरकार कह चुकी है कि पंजाब एक बूंद पानी किसी राज्य को नहीं देगा।


