अखंड केसरी ब्यूरो :-माननीय पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर आईपीएस के दिशा-निर्देशों तथा समय-समय पर डीसीपी इन्वेस्टिगेशन जालंधर श्री मनप्रीत सिंह ढिल्लों पीपीएस, एडीसीपी-1 जालंधर श्रीमती अकरशी जैन आईपीएस और एसीपी नॉर्थ जालंधर श्री संजय कुमार पीपीएस के मार्गदर्शन में जालंधर पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। थाना डिवीजन नंबर-1 जालंधर के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजधार हथियार दिखाकर मोटरसाइकिल लूटने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर लिया है तथा लूटी गई सहित कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 02 जनवरी 2026 को एएसआई जसविंदर सिंह, थाना डिवीजन नंबर-1 जालंधर द्वारा शिकायतकर्ता नरेश यादव पुत्र वासुदेव यादव निवासी गली नंबर-01 न्यू गुरु नानक नगर, जालंधर के बयान पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 01 जनवरी 2026 की रात करीब 9 से 9:15 बजे के बीच जब वह काम से अपनी नीले रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था, तो न्यू गुरु नानक नगर के श्मशान घाट के पास चार युवकों ने तेजधार हथियार दिखाकर उसे रोक लिया और उसकी मोटरसाइकिल लूटकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में मामला नंबर 003 दिनांक 02.01.2026 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत थाना डिवीजन नंबर-1 जालंधर में दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें काबू किया। पुलिस ने आरोपी अमित कुमार पुत्र कुलदीप कुमार निवासी मकान नंबर-02 गली नंबर-01 न्यू गुरु नानक नगर जालंधर तथा राजन कुमार पुत्र तेज रहणे झा निवासी गली नंबर-02 शिव नगर के पास जालंधर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नीले रंग की आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की। आगे की जांच के दौरान 06 जनवरी 2026 को मामले में फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों अमित कुमार उर्फ लिफाफा पुत्र राज कुमार निवासी गली नंबर-08 न्यू गुरु नानक नगर जालंधर तथा आकाश कुमार उर्फ कच्छी पुत्र सनी निवासी गली नंबर-07 न्यू गुरु नानक नगर जालंधर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है तथा उनसे गहन पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई से शहर में लूट और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में सफलता मिली है। जालंधर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
