जालंधर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल चोर गिरोह काबू, 19 मोबाइल, पिस्तौल और चोरी का मोटरसाइकिल बरामद

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर में बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट जालंधर द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। माननीय श्रीमती धनप्रीत कौर, आईपीएस, कमिश्नर ऑफ पुलिस जालंधर के निर्देशों तथा समय-समय पर प्राप्त आदेशों के तहत श्रीमती आकृषि जैन, आईपीएस, अतिरिक्त उपायुक्त पुलिस-1 जालंधर और श्री अशोक मीणा, आईपीएस, एसीपी नॉर्थ जालंधर के मार्गदर्शन में थाना डिवीजन नंबर 8 के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी की अगुवाई में 21-03-2026 को एसआई जगदीश लाल अपनी टीम सहित क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि हरदीप सिंह उर्फ तूफान निवासी गांव टीकर ताल, जिला पंचकूला (हरियाणा) और संदीप कुमार उर्फ विशाल निवासी शाहकोट, जालंधर, जो कि मोबाइल चोरी की वारदातों में लिप्त हैं और अवैध हथियार भी रखते हैं, चोरी के काले रंग के बिना नंबर प्लेट वाले मोटरसाइकिल पर बुलंदपुर से ट्रांसपोर्ट नगर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक चोरी का मोटरसाइकिल, 4 चोरी के मोबाइल फोन और एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान 22-03-2026 को आरोपियों से 15 और चोरी के मोबाइल फोन तथा एक तेजधार हथियार (दरांती) भी बरामद की गई। इस तरह कुल 19 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं, जिनमें गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और अन्य साथियों की तलाश भी जारी है।

Share This Article
Leave a comment