शब्द, जालंधर, 27 जनवरी — पंजाब पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा व अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 10.65 ग्राम हेरोइन (सफेद) बरामद की है। वहीं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो .315 बोर पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस तथा एक .32 बोर पिस्तौल बरामद की है। पुलिस ने 21 जनवरी को कोहला पार्क में हुई हवाई फायरिंग की गुत्थी भी सुलझा ली है और इस घटना में प्रयुक्त पिस्तौल को बरामद करते हुए आरोपी को काबू कर लिया गया है। इसके साथ ही आबकारी अधिनियम के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से हरियाणा ब्रांड की 48 बोतल देशी शराब भी जब्त की गई है। पुलिस ने पुरानी आपराधिक फाइलों में वांछित 23 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है। अपराध पर सख्ती के साथ-साथ पुलिस नशा पीड़ितों के पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है, जिसके तहत 23 नशा पीड़ितों को दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा 2 लोगों को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया है। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना पर 178 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 3 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इस संबंध में एसएचओ ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ‘स्पेशल कासो ऑपरेशन’ के तहत चेकिंग लगातार जारी रहेगी। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
