जालंधर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस्ती बावा खेल थाना पुलिस ने लूटपाट मामले में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

अखंड केसरी ब्यूरो :- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब थाना बस्ती बावा खेल की टीम ने लूटपाट के एक मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई माननीय पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें असामाजिक तत्वों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। एडीसीपी-2 श्री राकेश यादव और एसीपी वेस्ट श्री विजय कंवरपाल के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी एसआई जय इंदर सिंह की देखरेख में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 को एसआई हितेश मट्टू अपनी टीम के साथ थाना परिसर में मौजूद थे, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि 14 मार्च 2026 की रात मिथु बस्ती चौक में दीपक गुप्ता नामक व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से हमला कर लूटपाट करने वाले आरोपी संगल सोहल रोड स्थित लेदर कॉम्प्लेक्स इलाके में चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर मौके से आरोपी विनोद उर्फ कालू निवासी लोहारा नंगल, जालंधर तथा उसके तीन नाबालिग साथियों को काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार तीनों नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह लुधियाना भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी विनोद उर्फ कालू को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी विनोद के खिलाफ पहले भी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर रोक लगाने की दिशा में पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment