दिल्ली विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसके लिए आम आदमी पार्टी (पंजाब) के नेताओं ने भी कमर कस ली है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर पांच फरवरी को मतदान होना है। चुनाव तारीख की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के लिए भी यह चुनाव अहम है, क्योंकि दिल्ली में सत्ता पर काबिज होने के बाद ही पार्टी ने पंजाब में पैर पसारने शुरू किए थे। इसी के साथ भारी बहुमत से जीत दर्ज कर पार्टी ने वर्ष 2022 में अपनी सरकार भी बनाई थी।
यही कारण है कि आप पंजाब का पूरा फोक्स अब दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार को गति देने में है। पार्टी के 352 नेता आने वाले दिनों में अब दिल्ली में ही डेरा डालेंगे। पंजाब के अधिकर कैबिनेट मंत्री पहले ही प्रचार में उतर गए हैं और अब पंजाब में नगर निकायों के मेयर चुनाव के बाद अगले सप्ताह से आप पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा भी प्रचार शुरू कर देंगे।
20 जनवरी के बाद रोड शो और रैलियां
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत मान ने भी वीरवार से दिल्ली में दस्तक देनी शुरू कर दी है। मान ने पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ मुख्य चुनाव अधिकारी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री जल्द ही प्रचार भी तेज कर देंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार 20 जनवरी के बाद सीएम मान दिल्ली विधानसभा के हलकों में लगातार रैलियां करेंगे। इसके अलावा रोड शो का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें वह पार्टी प्रमुख केजरीवाल के साथ प्रचार करेंगे। सीएम मान के अलावा 15 कैबिनेट मंत्री भी प्रचार में उतर गए हैं, जिन्होंने राज्य में अपने कार्यों से समय निकालकर प्रचार शुरू कर दिया है।