Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो पंजाब में राज्यसभा सांसद बन सकते हैं। इसके लिए 6 सांसदों ने उनके लिए अपनी सीट पेश की।
दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद से कहा जा रहा है कि अब अरविंद केजरीवाल का दिल्ली में राजनीतिक सफर लगभग 5 सालों के लिए खत्म हो गया है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि वो पंजाब की राजनीति में जा सकते हैं और नई पारी का आगाज कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब जाकर राज्यसभा सांसद बन सकते हैं। हालांकि अब तक इस बात को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जगह लेंगे केजरीवाल?
आम आदमी पार्टी दिल्ली से हटने के बाद मात्र पंजाब में ही सत्ता में रह गई है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा की जगह ले सकते हैं। वहीं संजीव अरोड़ा उप चुनाव के जरिए राज्य की राजनीति में एंट्री कर सकते हैं। खबरें हैं कि संजीव अरोड़ा आगामी लुधियाना पश्चिम सीट से विधानसभा उपचुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि अब तक इस बात को लेकर भी कोई अंतिम और आधिकारिक फैसला नहीं आया है।
दिल्ली में पंजाब सरकार की बैठक के समय लगी थीं अटकलें
बता दें कि 11 फरवरी को आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार और विधायकों के साथ बैठक की थी। तब खबरें थीं कि अरविंद केजरीवाल पंजाब की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। चर्चा थी कि वो लुधियाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि कुछ समय बाद आप सांसद मलविंदर सिंह कंग ने इस बात को तवज्जो न देते हुए इस बैठक को ‘नियमित रणनीति सत्र’ बताया था।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कही थी ये बात
वहीं इस बात को लेकर भाजपा के राजौरी गार्डन सीट से विधायक और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पहले कहा था कि दिल्ली में हार के बाद अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दरकिनार कर सकते हैं। वो भगवंत मान को अक्षम घोषित कर देंगे कि पंजाब में सरकार बनने के तीन साल बाद भी महिलाओं को 1000 रुपए नहीं दिए। इसके साथ ही वो नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर नियंत्रण जैसे वादे पूरे नहीं कर सके। इसके बाद अरविंद केजरीवाल पंजाब की कमान खुद संभाल लेंगे।


