पंजाब बनेगा देश का पहला ‘बिजली कट-मुक्त राज्य’ — अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया ‘रोशन पंजाब’ परियोजना का शुभारंभ

फगवाड़ा (कपूरथला), 9 अक्टूबर — पंजाब के बिजली क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज ‘रोशन पंजाब’ परियोजना का शुभारंभ किया। पांच हजार करोड़ रुपए की लागत से शुरू की गई यह ऐतिहासिक परियोजना पंजाब को देश का पहला “बिजली कट-मुक्त राज्य” बनाने की दिशा में एक बड़ी छलांग मानी जा रही है। इस अवसर पर आयोजित समारोह में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आने वाले गर्मियों के मौसम में पंजाब में एक भी पावर कट नहीं लगेगा। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब किसी राज्य या केंद्र सरकार ने बिजली क्षेत्र में सुधार के लिए इतनी दूरदर्शी और व्यापक सोच दिखाई है।

 

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में उद्योगों को देश में चौथे सबसे कम दरों पर बिजली दी जा रही है, किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल रही है, और अब हर घर को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत ट्रांसमिशन और वितरण नेटवर्क का पूर्ण आधुनिकीकरण किया जाएगा, नए सब-स्टेशन और बिजली लाइनों का निर्माण होगा तथा पुरानी प्रणालियों को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके।

 

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह दिन पंजाब के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि राज्य सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों को अपनी प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने कहा कि बिजली अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है, इसलिए सरकार ने बिजली क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनमें गोइंदवाल पावर प्लांट की खरीद और इसके नामकरण को तीसरे सिख गुरु श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर रखना शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अब अन्य राज्यों के लिए मार्गदर्शक बन चुका है और आने वाले समय में राज्य से हर तरह के अंधेरे — चाहे वह बिजली की कमी का हो या सामाजिक बुराइयों का — पूर्ण रूप से समाप्त किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में युवाओं के लिए अब तक 55,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, स्कूल ऑफ एमिनेंस के माध्यम से शिक्षा प्रणाली को सशक्त किया गया है और 881 आम आदमी क्लीनिकों के जरिए 1.75 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज और दवाएं प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशा मुक्त पंजाब के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आने वाले दिनों में “रोशन पंजाब” केवल बिजली के क्षेत्र में नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में प्रकाश लाने का प्रतीक बनेगा।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल सहित अनेक वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment