जालंधर-पठानकोट हाईवे पर अड्डा काला बकरा के नज़दीक सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के सेनाबती गांव निवासी अब्दुल गनी गाफी भट्टी ने अपना ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था और वह पास के ढाबे से चाय पीकर वापस अपने ट्रक की ओर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायल चालक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल काला बकरा पहुंचाया। सड़क सुरक्षा फोर्स टीम के इंचार्ज एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि घायल की हालत बेहद नाजुक थी, जिसके चलते उसे सिविल अस्पताल जालंधर रेफर कर दिया गया। हालांकि जालंधर में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। वहीं सड़क सुरक्षा फोर्स ने सेफ्टी कोन लगाकर यातायात को नियंत्रित किया और हादसे की सूचना पुलिस चौकी लाहदड़ा के इंचार्ज एएसआई सरबजीत सिंह को दी। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।