गढ़शंकर में महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या, मंदिर से लौटते वक्त बाइक सवार हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, इलाके में दहशत

गढ़शंकर (होशियारपुर), 7 फरवरी — गढ़शंकर क्षेत्र के गांव महिंदवानी गुजरां में शनिवार सुबह एक 62 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है। मृतका की पहचान रचना देवी पत्नी शाम लाल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे रचना देवी गांव के एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के बाद गली से होकर अपने घर लौट रही थीं, तभी अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावर ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी बिनिवाल के इंचार्ज एएसआई ओंकार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई ओंकार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस विभिन्न एंगल से जांच करते हुए हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a comment