सिद्ध माँ बगलामुखी धाम के संस्थापक एवं व्यवस्थापक नवजीत भारद्वाज जी ने हिंदी समाचार पत्र अखंड केसरी के आध्यात्मिक डेस्क को नवरात्रों व अन्य पावन त्योहारों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गुरुवार, 19 मार्च 2026 का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। इसका कारण यह है कि, एक ही दिन में एक साथ कई बड़े पर्व-त्योहारों, व्रत और दुर्लभ योग बन रहा है, जिस कारण 19 मार्च को ‘सुपर संयोग’ या ‘महा संयोग’ का दिन कहा जा रहा है। 19 मार्च ऐसा विशेष दिन रहेगा, जिसमें अलग-अलग त्योहार और परंपराओं संगम एक ही दिन देखने को मिलेगा। इसलिए आस्था और आध्यात्मिकता के लिहाज से इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। आइए जानते हैं 19 मार्च को क्या-क्या है?
चैत्र नवरात्रि 2026: पंचांग के अनुसार, 19 मार्च को चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि रहेगी और इसी दिन से चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ हो रहा है। 19 मार्च को घटस्थापना के साथ नौ दिनों के नवरात्रि की शुरुआत हो जाएगी।
चैत्र अमावस्या 2026: इस वर्ष 2026 चैत्र अमावस्या 19 मार्च 2026 को पड़ रही है। अमावस्या तिथि 18 मार्च सुबह 08.25 से शुरू हो जाएगी और 19 मार्च सुबह 06.52 पर समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, 19 मार्च को भी स्नान-दान करना शुभ रहेगा।
हिंदू नववर्ष 2083 : 19 मार्च से ही हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) की शुरुआत हो रही है। पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर की शुरुआत मानी जाती है।
गुड़ी पड़वा 2026: महाराष्ट्र और कई अन्य राज्यों में 19 मार्च को गुड़ी पड़वा का पर्व मनाया जाएगा। यह पर्व नए साल के स्वागत का प्रतीक है। इस दिन लोग घरों के बाहर गुड़ी (ध्वज) लगाते हैं, जिसे विजय, समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है।
श्री राम यंत्र की स्थापना- 19 मार्च को ही राम जन्मभूमि अयोध्या मंदिर में श्री राम यंत्र की स्थापना भी होगी। सनातन धर्म के लिए यह दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। वैदिक मंत्रों के साथ अयोध्या राम मंदिर के तीसरे तल में श्री राम यंत्र की स्थापना होगी।
उगादी 2026 – उगादी का पर्व चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि पर 19 मार्च को मनाया जाएगा. इस दिन से तेलुगु नवववर्ष का आरंभ होता है। उगादी का अर्थ होता है ‘युग का प्रारंभ’। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उगादी के दिन से ही समय की गणना शुरू हुई थी।
19 मार्च योग – 19 मार्च को मीन राशि में शनि, सूर्य, शुक्र और चंद्रमा का चतुर्ग्रही योग बन रहा है। साथ ही इस दिन शुक्ल योग भी रहेगा।
