सीएम भगवंत मान दूसरी बार एक माह में पहुंचे जालंधर, ‘लोक मिलनी’ में हजारों लोगों की समस्याएं मौके पर सुलझाईं, बोले– जनता की सेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

जालंधर- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बार फिर जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए एक माह के भीतर दूसरी बार जालंधर पहुंचकर अपने निवास स्थान पर ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने लोगों की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर कई मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। इस अवसर पर सीएम मान ने कहा कि ‘लोक मिलनी’ जनता की शिकायतों के निवारण का सबसे प्रभावी मंच है, जहां एक ही स्थान पर आम लोगों को न्याय और राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का इकलौता राज्य है, जहां मुख्यमंत्री स्वयं इस तरह का व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता के कल्याण को प्राथमिकता देते हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पंजाब के हर नागरिक की समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा।

सीएम भगवंत मान ने कहा कि लोक मिलनी न केवल जनता की समस्याओं के समाधान का माध्यम है, बल्कि यह सरकार और आम लोगों के बीच संवाद की खाई को पाटने का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने बताया कि अब तक इस पहल के माध्यम से समाज के हर वर्ग की समस्याओं का प्रभावी समाधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, सड़क और किसानों से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के अब तक 63 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ खोलकर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं शिक्षकों को विदेश भेजकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 881 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज सुनिश्चित किया गया है। किसानों को दिन में 8 घंटे निर्बाध बिजली, हजारों किलोमीटर जल धाराओं का पुनर्जीवन और ग्रामीण सड़कों का बड़े स्तर पर निर्माण कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 19 टोल प्लाजा बंद कर आम जनता को रोजाना लाखों रुपये की राहत दी है और आने वाले बजट में हर महिला को 1000 रुपये देने की योजना भी लागू की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार का एकमात्र एजेंडा पंजाब की तरक्की और जनता की खुशहाली है और इस दिशा में हर वादा हर हाल में पूरा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment