लुधियाना– पंजाब के सबसे महंगे व व्यस्त लाडोवाल टोल प्लाजा के रेट कल यानी 1 अप्रैल से फिर बढ़ जाएंगे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने लाडोवाल टोल प्लाजा के लिए नए रेट जारी कर दिए हैं। लाडोवाल टोल प्लाजा पर नए रेट आज रात 12 बजे से लागू हो जाएंगे। नोटिफिकेशन के मुताबिक, टोल रेट में 5 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। वहीं, दूसरी तरफ 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर कैश लेनदेन पूरी तरह से बंद हो जाएगा।
टोल प्लाजा के गुजरने के दाम केवल लाडोवाल पर ही नहीं, बल्कि पंजाब में सभी टोल प्लाजा पर बढ़े हैं। सभी टोल प्लाजा पर टैक्स में 3 से 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। पिछले साल भी 1 अप्रैल से टोल रेट बढ़े थे और रेट में 5 रुपये की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई थी।
कार-जीप के लिए अब देने होंगे 225 रुपए
टोल मैनेजर विपिन राय ने बताया कि NHAI की ओर से 27 मार्च को जारी नोटिफिकेशन के आधार पर दरों में संशोधन किया गया है। लाडोवाल प्लाजा पर कार/जीप/वैन को सिंगल साइड के लिए अब 220 रुपये के बजाय 225 रुपये देने होंगे। वहीं, राउंड ट्रिप (आने-जाने) के लिए 335 की जगह 340 रुपये चुकाने होंगे।
LCV/LGV/मिनी बस के सिंगल यात्रा के लिए 360 के बजाए 365 रुपये और डबल ट्रिप के लिए 545 के बजाय अब 550 रुपये लगेंगे। वहीं, मंथली पास में भी मामूली बढ़ोतरी की गई है। 340 रुपये में मिलने वाला पास अब 350 रुपये में मिलेगा।
सालाना पास पर 75 रुपये बढ़े, स्थानीय लोगों को राहत
लंबी दूरी तय करने वाले कॉमर्शियल वाहनों और नियमित यात्रियों के लिए सालाना पास अब महंगा हो गया है। जहां पुराना रेट 3000 रुपये था, अब नया रेट 3075 रुपये हो गया है। इस पास में कुल 200 ट्रिप की सुविधा मिलती है।
WPI के आधार पर बढ़ता है टोल टैक्स
टोल टैक्स की दरों का निर्धारण होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर किया जाता है। सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास और दी जाने वाली सुविधाओं के आधार पर यह शुल्क तय होता है। इस बार वार्षिक रिवीजन प्रक्रिया के तहत करीब 2.5% से 10% तक का संशोधन किया गया है।
नकद भुगतान बंद, सिर्फ फास्टैग या UPI से पेमेंट
कल से टोल पर नकद भुगतान भी बंद हो जाएगा। केवल फास्टैग या UPI पेमेंट कर ही गाड़ी टोल प्लाजा से गुजारी जा सकेगी। इसलिए, आज ही अपनी गाड़ी में फास्टैग अकाउंट एक्टिव कर लें। फास्टैग का उपयोग नहीं करते हैं, तो सुनिश्चित करें कि आपके स्मार्टफोन में UPI पेमेंट की सुविधा चालू हो।
कल से बिना डिजिटल पेमेंट के टोल प्लाजा पर पहुंचने पर जुर्माना देना पड़ सकता है या लौटाया जा सकता है। क्योंकि, सभी टोल पर सिर्फ फास्टैग या UPI से ही टैक्स चुका सकेंगे।
