दक्षिण-पूर्व एशिया के इंडोनेशिया, थाईलैंड और मलेशिया में आए विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या शनिवार को 370 से अधिक हो गई।
नवंबर 29, नई दिल्ली:- दक्षिण-पूर्व एशिया के कई देशों में भयानक बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इंडोनेशिया, थाईलैंड और मलेशिया में आए विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या शनिवार को 370 से अधिक हो गई।
भारी मानसूनी बारिश के कारण हजारों लोग अभी भी फंसे हुए है। प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप के सबसे प्रभावित क्षेत्रों में अब भी 100 से ज्यादा लोग लापता हैं। देशभर में 200 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
पश्चिम सुमात्रा में 61 लोगों की मौत और 90 लापता हैं, जबकि उत्तर सुमात्रा में 116 और आचे में कम से कम 35 लोगों की मौत हुई है। वहीं थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। सोंगखला प्रांत में 162 लोगों की जान चली गई। प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने प्रभावित परिवारों के लिए मुआवज़े की घोषणा की है।
जबकि मलेशिया में दो लोगों की मौत हुई है और उत्तरी पेरलिस राज्य में कई इलाकों में पानी भरा रहा। हैट याई में फंसे 6,000 से अधिक मलेशियाई नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया। कई क्षेत्रों में पानी उतरने के बाद लोग अपने घरों और दुकानों से कीचड़ और मलबा हटाने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस साल की बाढ़ पिछले कई वर्षों की तुलना में कहीं अधिक विनाशकारी साबित हुई है।
