फिलीपींस में तूफान कालमेगी से 85 मौतें, हजारों लोग विस्थापित

मध्य फिलीपींस में तूफान कालमेगी से 85 लोगों की मौत और दर्जनों लापता हुए हैं, हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और बाढ़ व मलबे से भारी नुकसान हुआ है; तूफान अब वियतनाम की ओर बढ़ रहा है।

 

 

 

SHABD,AIR, HQ, November 6:- मध्य फ़िलीपींस में तूफान कालमेगी के कमजोर पडने पर लोगों ने अपने घरों और सड़कों से कीचड़ और मलबे को साफ़ करना शुरू कर दिया है। तूफ़ान ने इस क्षेत्र को तहस-नहस कर दिया है। इसमें 85 लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग लापता हैं।

 

 

 

फ़िलीपींस का सेबू प्रांत बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। अब बाढ़ का पानी कम होने लगा है, जिससे तबाही की पूरी तस्‍वीर दिख रही है। तूफान के कारण बहुत से घर और वाहन क्षतिग्रस्‍त हुए हैं और सड़कें मलबे से भर गईं।

 

 

 

मृतकों में छह सैन्यकर्मी भी शामिल हैं, जिनका हेलीकॉप्टर मिंडानाओ द्वीप के अगुसन देल सुर में एक राहत अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। राष्ट्रीय आपदा एजेंसी ने कहा कि कम से कम 75 लोग लापता हैं और 17 घायल हैं।

 

 

 

यह तूफ़ान व्यापक बाढ़ और बिजली कटौती का भी कारण बना, जिससे विसाय क्षेत्र के साथ-साथ दक्षिणी लूज़ोन और उत्तरी मिंडानाओ के कुछ हिस्सों में दो लाख से ज़्यादा लोगों को घर खाली करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उत्तरी सेबू में 6.9 तीव्रता के भूकंप में दर्जनों लोगों की मौत और हज़ारों लोगों के विस्थापित होने के ठीक एक महीने बाद, तूफ़ान कालमेगी ने दस्तक दी।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस साल फिलीपींस में आने वाला 20वां तूफ़ान कालमेगी, दक्षिण चीन सागर से होते हुए वियतनाम की ओर बढ़ने के साथ और भी शक्तिशाली बन सकता है, जहाँ इसके ज़मीन से टकराने पर संभावित नुकसान को रोकने की तैयारी शुरू कर दी है।

 

 

Share This Article
Leave a comment