धमतरी, 14 फरवरी 2026:- धमतरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-तीस पर आज हुई सड़क दुर्घटना में तीन जवानों सहित चार लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन के ये जवान कार द्वारा जगदलपुर से रायपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान खपरी बायपास के समीप उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य जवान और वाहन चालक ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। हादसे में जिन जवानों की मौत हुई है, उनमें सहायक उपनिरीक्षक उमेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक मुकेश कुमार, आरक्षक राजकुमार गौड़ और वाहन चालक हीरालाल नागर शामिल हैं। दुर्घटना में घायल एक अन्य जवान अभिमान राय को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया।