अखंड केसरी ब्यूरो :- देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर आतंकवादियों के निशाने पर आ गई है। खुफिया सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के सामने आईईडी धमाका करने की साजिश रच रहा है। इसके साथ ही चांदनी चौक इलाके में स्थित प्रमुख मंदिरों को भी निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही है। यह अलर्ट ऐसे समय पर सामने आया है, जब नवंबर 2025 में लाल किले के पास हुए कार बम धमाके की जांच अभी जारी है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा भारत में एक बड़े आतंकी हमले की फिराक में है और इसके लिए दिल्ली को मुख्य लक्ष्य बनाया गया है। सूत्रों का कहना है कि संगठन कश्मीर में हुए बिलाल मस्जिद हमले का बदला लेने के इरादे से इस साजिश को अंजाम देना चाहता है, जिसकी जिम्मेदारी लश्कर ने नवंबर 2025 के धमाके के बाद वायरल हुए एक पोस्ट के जरिए ली थी। सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी है, जगह-जगह नाकेबंदी की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आम लोगों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।