चंडीगढ़/जालंधर:** प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जालंधर ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत दर्ज एक पुराने मामले में समन जारी कर 12 फरवरी को पूछताछ के लिए पेश होने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार यह समन 3-4 दिन पहले जारी किया गया था। हालांकि तय समय पर कैप्टन अमरिंदर सिंह एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि वह इस समय चंडीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती हैं और हाल ही में हुई घुटने की सर्जरी (नी रिप्लेसमेंट) के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनकी मौजूदा चिकित्सकीय स्थिति को देखते हुए उनके मंगलवार को भी पूछताछ के लिए उपस्थित होने की संभावना कम बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक यह मामला कथित तौर पर उनके पुत्र रणिंदर सिंह से जुड़े एक ट्रस्ट से संबंधित है और ईडी द्वारा जारी समन फेमा की विभिन्न धाराओं के तहत चल रही जांच के क्रम में भेजा गया है। एजेंसी मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई स्वास्थ्य स्थिति और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार तय की जाएगी।