SHABD, BATALA, 14 फरवरी — पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बटाला के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मूला सुनैया के श्मशान घाट में कांग्रेस पार्टी के एससी विंग के कन्वीनर **Gurkirtan Singh Kalu** को हेरोइन का सेवन करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एएसआई अमरिक सिंह अपनी टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें श्मशान घाट के झाड़ियों में एक युवक संदिग्ध हालत में बैठा दिखाई दिया। मौके पर पहुंचकर जब उसकी तलाशी ली गई तो वह 10 रुपये के नोट से हेरोइन का सेवन करता हुआ पाया गया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ सदर बटाला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है। इसी बीच मीडिया में गुरकीर्तन सिंह कालू की एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसमें वह गुरदासपुर से सांसद **Sukhjinder Singh Randhawa** के साथ नजर आ रहा है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर पंजाब में नशे की गंभीर समस्या और इसके राजनीतिक संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी।