
अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब के कपूरथला जिले में सोमवार को उस समय सियासी हलचल तेज हो गई जब भगवंत मान सरकार के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने भोआथ हलके से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के रामगढ़ स्थित आवास के बाहर कथित अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सिविल प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से घर के बाहर बने अवैध बताए जा रहे पिलर और अन्य ढांचों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया ताकि विधायक समर्थकों के विरोध को नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि यह कदम राज्य सरकार की अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उठाया गया है और कानून से ऊपर कोई नहीं है। वहीं विधायक खैरा ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित करार देते हुए आरोप लगाया कि उनकी आवाज दबाने के लिए सरकार साजिश कर रही है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है और मामले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दिया है कि अवैध निर्माण के मामलों में सख्ती जारी रहेगी, जबकि विपक्ष इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बता रहा है।