अखंड केसरी ब्यूरो :- काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने काउंटर इंटेलिजेंस एसएएस नगर के साथ संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 01.01.2026 को हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन में हुए IED (RDX) ब्लास्ट के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महावीर उर्फ काका और मनप्रीत उर्फ मणि के रूप में हुई है, जो एसबीएस नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान इनके कब्जे से एक .9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये दोनों आरोपी विदेश में बैठे आतंकी मास्टरमाइंड गोपी नवाशेरिया और जस्सी कुलाम के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जिनका संबंध प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर IED (RDX) और हैंड ग्रेनेड की खेप मंगवाई थी, जिनमें से एक IED का इस्तेमाल नालागढ़ पुलिस स्टेशन पर हमले के लिए किया गया। इससे पहले पंजाब पुलिस इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है, जो आतंकी हथियारों और विस्फोटक सामग्री की सप्लाई और डिलीवरी में शामिल थे। अब इन दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पूरे आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हो गया है। पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में शांति, कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आतंकवादी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने और संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।