काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब की बड़ी कामयाबी: आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

अखंड केसरी ब्यूरो :- पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता उस समय हाथ लगी जब काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने आईएसआई समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड और एक विदेशी ग्लॉक पिस्टल भी बरामद की है, जिन पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री (POF) के निशान पाए गए हैं, जिससे इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन होने के संकेत मिलते हैं। यह मॉड्यूल पीआईओ के जरिए संचालित किया जा रहा था और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कई राज्यों में पुलिस प्रतिष्ठानों को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाने की साजिश रच रहा था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया। इस पूरे ऑपरेशन के तहत गुजरात एटीएस के साथ तालमेल बनाते हुए अहमदाबाद से भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जो इस मॉड्यूल का अहम हिस्सा था। इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मॉड्यूल के अन्य सदस्यों की पहचान करने, उन्हें ट्रैक करने और जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास लगातार जारी हैं। पंजाब पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह संगठित अपराध और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेश में शांति और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share This Article
Leave a comment