युद्ध नशियां विरुद्ध के तहत जालंधर में बड़ी कार्रवाई: कुख्यात नशा तस्कर की अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर**

जालंधर, 07 अप्रैल 2026: पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे युद्ध नशियां विरुद्ध अभियान के तहत आज कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बस्ती शेख के न्यू संत नगर इलाके में एक कुख्यात नशा तस्कर की अवैध संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम जालंधर के सहयोग से संयुक्त रूप से की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर श्रीमती धनप्रीत कौर ने बताया कि यह कार्रवाई एडीसीपी सिटी-2 श्री राकेश कुमार यादव, एसीपी वेस्ट श्री अतिश भाटिया, थाना डिवीजन नंबर-5 के प्रभारी अधिकारी, पुलिस बल तथा नगर निगम के अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई। उन्होंने बताया कि यह अवैध निर्माण दीपक उर्फ शुभम पुत्र राकेश कुमार, निवासी मकान नंबर 40/1, न्यू संत नगर, बस्ती शेख द्वारा किया गया था, जो कि थाना डिवीजन नंबर-5 के अधीन क्षेत्र में आता है। आरोपी दीपक उर्फ शुभम एक कुख्यात नशा तस्कर है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत 5 मामले पहले से दर्ज हैं। इस कार्रवाई के माध्यम से कमिश्नरेट पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिले तो वे पंजाब सरकार द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 पर या इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Share This Article
Leave a comment