जालंधर- मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत जालंधर पश्चिमी हलके के मॉडल हाउस क्षेत्र में विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप लगाया गया। इस कैंप में शिरकत करते हुए जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह ने जनता को मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के लाभ एंव रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के योग्य नेतृत्व में पंजाब सरकार की इस लोक-हितैषी योजना का उद्देश्य प्रत्येक योग्य परिवार तक स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस स्कीम के तहत पंजाब सरकार द्वारा प्रत्येक परिवार को वार्षिक 10 लाख रुपये तक के नकद रहित इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है।
चेयरमैन ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हर योग्य परिवार को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए पूर्ण सक्रियता से काम किया जा रहा है और यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कैंप में रजिस्ट्रेशन का काम पूर्ण पारदर्शी, साफ-सुथरे और उचित ढंग से हो ताकि किसी भी योग्य लाभार्थी को कोई परेशानी न आए और वे बिना किसी समस्या के योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
लोगों ने पूरे उत्साह के साथ कैंप में भाग लिया और बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। इस मौके पर संजीव भगत, ब्लॉक अध्यक्ष नवीन सोनी, काउंसलर राज कुमार राजू के अलावा अन्य भी मौजूद थे। बता दे कि जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह ने विभिन्न वार्डों में लगाए गए कैंपों में पहुंच कर प्रबंधों का जायजा लिया ।