पंजाब ब्यूरो :- माननीय पुलिस कमिश्नर जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर जी के दिशा-निर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त श्री संदीप कुमार शर्मा, एडीसीपी-1 श्रीमती आकर्षी जैन और एसीपी नॉर्थ श्री अशोक मीणा के मार्गदर्शन में जालंधर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। इसी कड़ी में थाना डिवीजन नंबर-1 जालंधर की टीम, जिसका नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार कर रहे थे, ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नवजोत बाली पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी मकान नंबर 37, गली नंबर 2, गुरु रविदास नगर, जालंधर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 135 ग्राम हेरोइन और 15 ग्राम आइस (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस के अनुसार 19 फरवरी 2026 को एएसआई सुरजीत सिंह 2998 अपनी टीम के साथ एनक्लेव टर्न सर्विस रोड पर मौजूद थे, तभी अमृतसर की ओर से आ रही कार नंबर PB10-Y-7272 को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक घबरा गया और मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। सतर्कता दिखाते हुए पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए, जिनका वजन करने पर 135 ग्राम हेरोइन और 15 ग्राम आइस पाई गई। इस संबंध में थाना डिवीजन नंबर-1 जालंधर में केस नंबर 55 दिनांक 19.02.2026 के तहत धारा 21(सी), 61, 85 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका पुलिस रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एनसीबी चंडीगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जालंधर पुलिस का कहना है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके और समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।