SHABD, जालालाबाद, 30 मार्च — जालालाबाद के दीप रेस्टोरेंट में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब कुछ लोग शराब के नशे में धुत होकर रेस्टोरेंट में पहुंचे और खाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। जानकारी के अनुसार, इन लोगों ने खाना खाने के बाद बिल देने से इंकार कर दिया, जिस पर दुकानदार के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि ग्राहकों ने खुद को सरपंच बताते हुए दुकानदार के साथ गाली-गलौज की और उसे थप्पड़ भी मारे। यह पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद व्यापार मंडल रेस्टोरेंट यूनियन के पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचे। व्यापार मंडल ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले भी एक व्यापारी के साथ कर्ज को लेकर विवाद में मारपीट की गई थी और अब रेस्टोरेंट संचालक के साथ इस तरह की घटना ने व्यापारियों में रोष पैदा कर दिया है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई नहीं की, तो शहर बंद करने तक का कदम उठाया जा सकता है। वहीं, पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
2603300952426281_20260330095242_2
