शब्द, फाजिल्का, 29 मार्च — फाजिल्का के थाना नंबर 1 की पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा से बचने के लिए फरार चल रहे सस्पेंडेड आर्मी कैप्टन संदीप तोमर को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और वर्ष 2013 में अबोहर कैंट में कैप्टन के पद पर तैनात था, जब उसकी पत्नी श्वेता सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच और सुनवाई के दौरान अदालत ने 23 सितंबर 2022 को संदीप तोमर को हत्या का दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। सजा से बचने के लिए आरोपी फरार होकर छिंदवाड़ा में करीब चार वर्षों तक फर्जी पहचान के साथ एक जूस फैक्ट्री में इंचार्ज के रूप में काम करता रहा। आखिरकार पुलिस ने उसे ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया और अबोहर लाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को अब अदालत में पेश किया जाएगा, जहां उसे अपनी सजा पूरी करनी होगी।
