युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत खन्ना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 आरोपी गिरफ्तार, हेरोइन, नकली आर्म्स लाइसेंस व 12 बोर राइफल समेत भारी बरामदगी

पंजाब ब्यूरो:- युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत खन्ना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक संगठित नारकोटिक्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों से एक नकली आर्म्स लाइसेंस, एक पंप-एक्शन 12 बोर राइफल, 8 जिंदा कारतूस, 47,500 रुपये की ड्रग मनी और हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में संलिप्त थे और युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने का काम कर रहे थे। खन्ना पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, शांति व सद्भावना को कायम रखने और नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी पूरी सख्ती से चलाए जाएंगे। खन्ना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment