
अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दफ्तरों में अब ड्रेस कोड को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। SGPC के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब कोई भी मुलाजिम पैंट-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नहीं आएगा। नए आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को पारंपरिक सिख पहनावा पजामा-कुर्ता पहनकर ही दफ्तर पहुंचना होगा।
कमेटी का कहना है कि यह फैसला सिख मर्यादा और परंपराओं की पालना सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है, ताकि SGPC के दफ्तरों में सिखी की स्पष्ट झलक दिखाई दे। इस मामले पर राजिंदर सिंह रूबी, जो गोल्डन टेंपल के मैनेजर हैं, ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अध्यक्ष के आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी।
हिदायतों की अनदेखी करने वालों पर विभागीय कदम उठेंगे
अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने साफ किया कि अगर कोई कर्मचारी इन हिदायतों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। SGPC प्रबंधन का मानना है कि धार्मिक संस्था की गरिमा और पहचान बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाली संगत को हर स्तर पर सिख परंपराओं का सम्मान दिखे।