जालंधर में जीएसटी टीम को बंधक बनाने का मामला : GST टीम को रोकने पर पूर्व पार्षद पति सहित 9 नामजद

जालंधर- जालंधर वेस्ट के पूर्व पार्षद पति और रियल एस्टेट कारोबारी मेजर सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सीजीएसटी विभाग की टीम को कथित रूप से बंधक बनाकर सरकारी कार्य में बाधा डालने के गंभीर आरोप में कमिश्नरेट पुलिस ने मेजर सिंह सहित 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई विभाग के अपर आयुक्त प्रशांत कुमार की शिकायत पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को सीजीएसटी की टीम पीपीआर मार्केट स्थित मेजर रियल एस्टेट के कार्यालय में सर्च ऑपरेशन के लिए पहुंची थी। आरोप है कि तलाशी की कार्रवाई शुरू होते ही मेजर सिंह, इंद्रजोत सिंह, प्रभजोत सिंह, तरुण शर्मा तथा 3-5 अन्य व्यक्तियों ने टीम को घेर लिया और दस्तावेजों की जांच में बाधा डाली। शिकायत में कहा गया है कि अधिकारियों के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें कुछ समय के लिए कार्यालय के भीतर रोककर रखा गया।

पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। मामले में सोनू भंडारी नामक युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मेजर सिंह पर पहले भी अवैध कॉलोनियों के कारोबार से जुड़े आरोप लगते रहे हैं। जालंधर वेस्ट के अलावा फगवाड़ा क्षेत्र में भी कॉलोनी काटने की चर्चाएं रही हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि सरकारी अधिकारियों को डराने-धमकाने या उनके कार्य में बाधा डालने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर सकती है।

Share This Article
Leave a comment