
शब्द, तरनतारन | 25 फरवरी:** तरनतारन पुलिस ने सरपंच हरब्रिंदर सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपियों को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सरहाली और थाना सदर पट्टी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव जल्लोके के नजदीक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार होने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए, जिनमें मुख्य शूटर रोमनप्रीत सिंह की हालत दो गोलियां लगने के कारण गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गौरतलब है कि 18 फरवरी को आम आदमी पार्टी (आप) के सरपंच हरब्रिंदर सिंह की तरनतारन स्थित सिद्धू फार्म में एक शादी समारोह के दौरान गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी रोमनप्रीत सिंह, निवासी चोहला साहिब है, जबकि उसका साथी अरशदीप सिंह, निवासी जालंधर, ने हत्या के बाद उसे पनाह दी थी। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है।