लुधियाना– लुधियाना में मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर निहंग और शिवसेना नेता आमने-सामने आ गए। एक दिन पहले भारत नगर चौक स्थित फ्रेंड्स रेजीडेंसी के बाहर हुए हमले के विरोध में शिवसेना पंजाब के प्रमुख राजीव टंडन समेत अन्य नेताओं ने चौड़ा बाजार से पुलिस कमिश्नर दफ्तर तक रोष मार्च निकाला। पुलिस ने पहले उन्हें सीपी दफ्तर के अंदर जाने नहीं दिया। लेकिन बाद में उनकी मुलाकात डीसीपी हरपाल सिंह से करवाई।
शिव सेना नेता जैसे ही अफसरों से मीटिंग करके सीपी दफ्तर से बाहर निकले तो बाहर कुछ निहंग खड़े थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को देखकर ललकारे मारने शुरू किए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक दूसरे को गाली गलौज तक करने लग गए।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कर दिया। इसके बाद हिंदू नेताओं को वहां से वापस भेजा। राजीव टंडन का कहना है कि आज फिर से शिव सेना नेताओं पर हमला करने की तैयारी की गई थी। टंडन पर हमले के मामले में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दानिश कपूर के रूप में हुई है। जबकि मुख्य आरोपी तरनजोत और 2 अन्य की तलाश जारी है।


सीपी दफ्तर के बाद शिवसेना नेता व निहंग सिंह आमने-सामने हुए।
