अमृतसर में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल ध्वस्त, हैंड ग्रेनेड-ग्लॉक पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार ; पाकिस्तान हैंडलरों से जुड़ा कनेक्शन

अमृतसर में आईएसआई माड्यूल का भंडाफोड़।
अमृतस​र- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक कथित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी सुमित कुमार उर्फ पंडित को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, अत्याधुनिक 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, आरोपी मूल रूप से रूपनगर जिले का रहने वाला है।

कपड़ा फैक्ट्री में करता था काम

वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में नाम आने के बाद वह अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के गांव पंडोरी में अपने रिश्तेदारों के पास रहने लगा था और एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलरों ने उससे संपर्क किया और पैसों तथा विदेश भेजने का लालच देकर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया।

बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को पुलिस प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमला करने, पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाकर प्रदेश में दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े वीडियो मिले

जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। इनमें हथियारों के इस्तेमाल, ग्रेनेड चलाने, रेकी करने, हथियार छिपाने और पुलिस से बचने के तरीकों से जुड़े वीडियो और निर्देश शामिल हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशी हैंडलरों की पहचान करने में जुटी हुई है।

लालच या बहकावे में न आएं युवा: पुलिस कमिश्नर

पुलिस कमिश्नर ने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के लालच या बहकावे में न आएं और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पंजाब पुलिस का कहना है कि सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ उसकी कार्रवाई आगे भी पूरी मजबूती और सतर्कता के साथ जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment